मुख्यमंत्री धामी से देवकीनंदन ठाकुर की शिष्टाचार भेंट

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध कथा वाचक एवं आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच सनातन संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक जागरूकता के प्रसार और समाज में नैतिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने देवकीनंदन ठाकुर के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड, जिसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है, सदियों से आध्यात्मिक साधना और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। राज्य सरकार इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। साथ ही, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में हुए सुधारों को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि यात्रा अब पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुदृढ़ हो गई है।

महाराज ने केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इन प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और अनुभव प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देशभर में सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हुई है। इसी दिशा में राज्य सरकार भी केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।

भेंट के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने अपने विभिन्न सामाजिक और धार्मिक अभियानों की जानकारी साझा की तथा राज्य में भविष्य में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार से जुड़े सभी प्रयासों में राज्य सरकार पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

Ad