ऋषिकेश में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ
ऋषिकेश : पीएम राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल, वीरभद्र में शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के साथ किया गया। नए सत्र के आगाज पर विद्यालय परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश वार्ड नंबर 31 की पार्षद मुस्कान ने विशेष रूप से उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं को निशुल्क पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और उन्हें लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।नवीन सत्र के अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता (जीव विज्ञान) नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने प्रधानाचार्य का कार्यभार संभालते हुए अपने संबोधन में विद्यालय के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय पूर्व में अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए जाना जाता रहा है और अब पुनः उसी गौरव को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अपर्णा सिंह, वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेश बलोदी, नरेंद्र सिंह रावत, रेखा पवार, ज्योति किरण लोहानी, ललित मोहन जोशी, सुशील सैनी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, ऋषि राम उनियाल, अनूप वशिष्ठ, दिवाकर मैथानी, हरेंद्र सिंह राणा, डॉ. त्रिलोक चंद सोनी, सुनीता पवार, इंदू सिंह सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला, जिससे नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत प्रेरणादायक और यादगार बन गई।
