चारधाम यात्रा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून/ऋषिकेश : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से ऋषिकेश क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 (NH-7) पर प्रस्तावित ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण को केंद्र सरकार से ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। यह बाईपास कुल 12.670 किलोमीटर लंबा होगा और इसके निर्माण का कार्य अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह परियोजना ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। खासकर चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सरकार का कहना है कि इस बाईपास के बनने से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में भी कमी आएगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के पूरा होने से उत्तराखंड में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
परियोजना के तहत आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को उच्च स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर बाईपास का निर्माण पूर्ण हो सके।
