नॉर्थ जोन अस्मिता रग्बी लीग में एवरग्रीन स्कूल श्यामपुर का शानदार प्रदर्शन, राज्य में तृतीय स्थान हासिल

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : 17 से 18 फरवरी तक रोशनाबाद ,हरिद्वार स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय नॉर्थ जोन अस्मिता रग्बी लीग प्रतियोगिता में एवर ग्रीन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, श्यामपुर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एवर ग्रीन पब्लिक स्कूल श्यामपुर की आठ सदस्यीय टीम ने भाग लिया। छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। बेहतरीन तालमेल, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास के बल पर टीम ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 आयु वर्ग में सोनाक्षी बिष्ट और सिया ने नॉर्थ जोन अस्मिता रग्बी लीग में प्रभावशाली खेल दिखाते हुए सफलता अर्जित की। उनकी उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे श्यामपुर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया।

प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। प्रधानाचार्या एवं संस्थापक ने छात्राओं की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही ऐसी सफलताएं प्राप्त होती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय की संस्थापक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड़ सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे भी निरंतर मेहनत करते रहने और नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

Ad