ऋषिकेश में ऑटो चालक की ईमानदारी की मिसाल
ऋषिकेश : तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक बार फिर ईमानदारी की मिसाल सामने आई है। मुनि की रेती स्थित द ग्रेट गंगा होटल में ठहरी विदेशी महिला गेस्ट मिस जॉयस अपनी आध्यात्मिक यात्रा के तहत कुछ दिनों के लिए ऋषिकेश आई हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, मिस जॉयस बाजार और मंदिर दर्शन के लिए टेंपो से गई थीं। इस दौरान वापसी में वह अपना बैग टेंपो में ही भूल गईं। होटल पहुंचने के बाद जब उन्हें बैग के गायब होने का अहसास हुआ तो चिंता बढ़ गई।
इसी बीच ईमानदारी दिखाते हुए ऑटो चालक गोपाल कुमार ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने बैग मिलने पर तुरंत द ग्रेट गंगा होटल के प्रबंधक गौतम को फोन कर इसकी सूचना दी और बताया कि बैग उनके पास सुरक्षित है। इसके बाद वह अपने ऑटो (नंबर UK14 ER 1295) से स्वयं होटल पहुंचे और बैग प्रबंधन को सौंप दिया।
बैग सुरक्षित मिलने पर विदेशी महिला गेस्ट ने राहत की सांस ली और ऑटो चालक की ईमानदारी की सराहना की। वहीं द ग्रेट गंगा होटल के फाउंडर चंद्रवीर पोखरियाल ने भी गोपाल कुमार के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
यह घटना न केवल स्थानीय लोगों की ईमानदारी को दर्शाती है, बल्कि ऋषिकेश की सकारात्मक छवि को भी मजबूती देती है, जहां अतिथियों को “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ सम्मान और सुरक्षा प्रदान की जाती है।
