भरत मंदिर इंटर कॉलेज का शानदार परीक्षा परिणाम
ऋषिकेश : भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक उत्कृष्ट रहा है, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। बेहतर परिणाम के चलते छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे और शिक्षकों में भी उत्साह नजर आया।
विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हाई स्कूल (कक्षा 10) का परीक्षा परिणाम 81 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट (कक्षा 12) का परीक्षा परिणाम 70 प्रतिशत दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि बीते तीन-चार वर्षों में यह अब तक का सर्वोच्च परिणाम है, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है।
प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया जो किसी कारणवश सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र अंक सुधार परीक्षा और बैक पेपर के माध्यम से अपने प्रदर्शन को बेहतर कर सकते हैं और उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, जयकृत सिंह रावत, शिव प्रसाद बहुगुणा, नीलम जोशी, शालिनी कपूर, रंजन अंथवाल, जूनियर एनसीसी अधिकारी विकास नेगी, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, अजय कुमार, पवन कुमार, निवेदिता अग्रवाल, प्रवीण रावत और विवेक शर्मा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने इस उत्कृष्ट परिणाम को आगे भी बनाए रखने का संकल्प लिया और छात्रों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
