शांतिकुंज शताब्दी समारोह को लेकर हरिद्वार में उत्साह और तैयारियां चरम पर
हरिद्वार: शांतिकुंज की ओर से बैरागीद्वीप में आयोजित शताब्दी समारोह को एक ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप लेने जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और देशभर से आए श्रद्धालुओं, साधकों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और स्वामी परमात्मानंद की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
शताब्दी समारोह का आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में अनुयायी और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम को दो सत्रों में विभाजित किया गया है। प्रथम सत्र में योग गुरु स्वामी रामदेव और आध्यात्मिक प्रवक्ता बाबा बालक नाथ द्वारा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक मानी जा रही है।
दूसरे सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में ऐसे आंदोलनों की भूमिका पर अपने विचार रख सकते हैं। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और स्वामी परमात्मानंद भी मंच साझा करेंगे और समारोह को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। सोमवार को ही सुरक्षा एजेंसियों का एक विशेष दस्ता आयोजन स्थल बैरागीद्वीप पहुंच गया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रवेश बिंदुओं पर चेकिंग, निगरानी कैमरे और पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
शांतिकुंज का यह शताब्दी समारोह केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण, नैतिक मूल्यों और भारतीय जीवन दर्शन को मजबूत करने का एक व्यापक प्रयास माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सहभागिता से समारोह को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
