एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, सरस्वती विद्या मंदिर में लगा लीवर जांच शिविर
ऋषिकेश : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लीवर परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वर्तिका सक्सेना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान एम्स ऋषिकेश से पहुंचे चिकित्सकों की टीम में डॉ. अजीत सिंह भदौरिया, डॉ. जीवन ज्योति, डॉ. कंचन, डॉ. हेमंत, डॉ. दीक्षा, डॉ. निरंजन, डॉ. दिशांत, डॉ. अमित एवं डॉ. क्षितिज शामिल रहे। चिकित्सकों ने लगभग 70 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के समस्त आचार्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा लीवर संबंधी आवश्यक जांच भी की।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. अजीत सिंह भदौरिया ने कहा कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या और खानपान के कारण विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में बच्चों को प्रारंभ से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत एवं वाइस प्रिंसिपल नागेन्द्र पोखरियाल ने एम्स से पहुंचे चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. अजीत सिंह भदौरिया को स्मृति चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है, जिससे छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
