ऋषिकेश में नवनिर्मित EV चार्जिंग स्टेशन का भव्य उद्घाटन, पर्यावरण अनुकूल यातायात को मिलेगा बढ़ावा

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : शहर को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाते हुए बालाजी बगीचे के पास नवनिर्मित EV (इलेक्ट्रिक वाहन) चार्जिंग स्टेशन का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा एवं ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक EV वाहनों के उपयोग की अपील करते हुए ऋषिकेश को स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से सम्मानित पार्षद भगवान सिंह पंवार, सम्मानित पार्षद रीना शर्मा, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकान्त भट्ट तथा सहायक नगर आयुक्त अमन कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस नए चार्जिंग स्टेशन के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों एवं ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों को इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग संबंधी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही यह पहल शहर में हरित ऊर्जा और स्मार्ट सिटी की अवधारणा को भी मजबूती प्रदान करेगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि EV चार्जिंग स्टेशन की स्थापना से इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा और आने वाले समय में इसका सकारात्मक प्रभाव पर्यावरण पर देखने को मिलेगा।

Ad