प्रतीतनगर हाट बाजार की नीलामी ₹14.56 लाख में संपन्न, पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: प्रतीतनगर क्षेत्र में हाट बाजार की वार्षिक नीलामी प्रक्रिया इस वर्ष पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनविश्वास के साथ संपन्न हुई। नीलामी ₹14 लाख 56 हजार की बोली पर संपन्न हुई, जिसे ग्राम पंचायत के विकास और जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। इस अवसर पर तहसीलदार ऋषिकेश प्रदीप नेगी, एडीओ पंचायत राजेश नेगी, कानूनगो भोला सिंह, राजस्व उप निरीक्षक बालकिशन सहित ग्राम पंचायत प्रतीतनगर, गोहरीमाफी, खांडगांव और रायवाला ग्राम सभा के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने बताया कि हाट बाजार की नीलामी प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया ने उन सभी आरोपों और भ्रम फैलाने के प्रयासों पर विराम लगा दिया है, जो कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक उद्देश्य से किए जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना और जनता के हितों को सर्वोपरि रखना है। नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

ग्राम प्रधान ने नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पंचायत जनहित और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य करती रहेगी।

Ad