“नंदा-सुनंदा” से 39 बेटियों की शिक्षा को मिला नया जीवन, डीएम ने बांटे ₹12.98 लाख के चेक

खबर शेयर करें -

देहरादून। जिला प्रशासन देहरादून के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट “नंदा-सुनंदा” के तहत आज 39 जरूरतमंद बालिकाओं को ₹12.98 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने बालिकाओं को चेक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के 15वें संस्करण में प्राइमरी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की छात्राओं को सहायता दी गई। इनमें एमएससी, बीसीए, बीएससी नर्सिंग, बीए-बीएड और अन्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राएं शामिल रहीं।जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि “नंदा-सुनंदा” केवल आर्थिक सहायता योजना नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का अभियान है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रह जाए, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी सामने आए, जब बालिकाओं और उनकी माताओं ने संघर्ष की कहानियां साझा कीं। किसी के पिता का निधन हो चुका था तो कोई आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ने की कगार पर थी। उनकी बातें सुनकर सभागार में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बच्चों को पूरी लगन से पढ़ाई करने और भविष्य में समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने की प्रेरणा दी।जिला प्रशासन के अनुसार अब तक “नंदा-सुनंदा” योजना के तहत 175 बालिकाओं की शिक्षा को पुनर्जीवित किया जा चुका है तथा करीब ₹57 लाख की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।

Ad