मसूरी: हूटर बजाकर वीआईपी रौब झाड़ना पड़ा भारी, शराब पीकर गाड़ी चला रहा चालक गिरफ्तार
मसूरी। प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मसूरी पुलिस ने अनाधिकृत रूप से हूटर बजाकर वीआईपी रौब झाड़ने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली मसूरी क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़े मोड़ से पिक्चर पैलेस की ओर हूटर बजाते हुए आ रही स्कॉर्पियो-एन (HR-05-BA-0022) को रोककर जांच की। पूछताछ के दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर एल्कोमीटर से जांच कराई गई। जांच में चालक द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
पुलिस के मुताबिक चालक अनाधिकृत रूप से हूटर का इस्तेमाल कर खुद को वीआईपी दिखाने का प्रयास कर रहा था। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन को सीज कर चालक सुनील कल्याण पुत्र बलवीर सिंह निवासी करनाल, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
