आईटीबीपी की महिला जवान पूनम देवी को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
चमोली: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की महिला जवान पूनम देवी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके पैतृक गांव तलवाड़ी खालसा में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
आईटीबीपी अधिकारियों के अनुसार, पूनम देवी सिक्किम में तैनात 13वीं बटालियन में सेवाएं दे रही थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका निधन 31 मई को हुआ था। उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया, जहां परिजनों, ग्रामीणों और आईटीबीपी के अधिकारियों व जवानों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद पिंडर नदी तट स्थित पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान जवानों ने सलामी देकर अपनी साथी को अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार में ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने पूनम देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए देश सेवा में उनके योगदान को याद किया।
