योगसाधन आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा श्रवण करने पहुंचे विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
योगसाधन आश्रम, रेलवे रोड ऋषिकेश में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कथा व्यास पंडित धर्मेंद्र उपाध्याय से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और जनमानस को संस्कारवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी सशक्त बनाते हैं।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाया और भक्ति भाव से आयोजन में सहभागिता की।
