नोएडा में पहली एडवांस्ड बर्न केयर यूनिट का शुभारंभ
नोएडा : सेक्टर-70 स्थित एसआरएस मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ने अपने आठवें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर की पहली एडवांस्ड बर्न केयर यूनिट का शुभारंभ किया। इस पहल को क्षेत्र में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।अस्पताल की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रितु सिंह के नेतृत्व में स्थापित यह छह बेड की विशेष यूनिट अत्याधुनिक उपकरणों और सुविधाओं से सुसज्जित है। यूनिट को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि बर्न मरीजों को संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उन्हें बेहतर और समुचित इलाज प्रदान किया जा सके।
डॉ. रितु सिंह ने बताया कि अब तक गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की काफी हानि होती थी। इस एडवांस्ड बर्न केयर यूनिट के शुरू होने से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि यूनिट में प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ, आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, इन्फेक्शन कंट्रोल तकनीक और विशेष देखभाल की व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों के उपचार के परिणामों में सुधार आएगा। साथ ही आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और प्रभावी इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भविष्य में इस यूनिट का विस्तार करने और और अधिक उन्नत सुविधाएं जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
