बर्फबारी से पर्यटकों में उत्साह
देहरादून : उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सीजन का चौथा हिमपात होने से ऊंचाई वाले इलाके पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। देर रात से शुरू हुई बर्फबारी ने सुबह तक रफ्तार पकड़ी, जिससे क्षेत्र का तापमान भी गिर गया और ठंड में इजाफा हो गया। चकराता, लोखंडी, लखामंडल और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी खासी बर्फ जम गई है। पेड़-पौधे, सड़कें और घरों की छतें बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं, जिससे पूरा इलाका किसी हिल स्टेशन की खूबसूरत तस्वीर जैसा दिखने लगा है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी यह नजारा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
हालांकि, बर्फबारी के चलते जनजीवन पर आंशिक असर भी पड़ा है। कई ग्रामीण मार्गों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, सड़क मार्गों को सुचारू बनाए रखने के लिए बर्फ हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। ठंड के इस दौर के बीच चकराता की वादियों में बर्फबारी ने जहां प्राकृतिक सुंदरता को निखारा है, वहीं पर्यटकों की आमद भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
