अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के पांचवें दिन मैराथन का आयोजन
ऋषिकेश : अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के पांचवें दिन को “रन फॉर योगा” थीम के तहत भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “घर-घर योग, स्वस्थ मन-काया और विश्व शांति” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। मैराथन में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग साधकों के लिए प्राणायाम एवं योग सत्रों के साथ आयोजित इस दौड़ ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बनाया। इस दौरान निगम के महाप्रबंधक (प्रशासन) लक्ष्मी राज चौहान और डीएसओ टिहरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
दौड़ का रूट गंगा रिजॉर्ट (टिहरी गढ़वाल) से शुरू होकर स्वर्गाश्रम (पौड़ी गढ़वाल), टैक्सी स्टैंड, लक्ष्मण झूला पुलिस चौकी, परमार्थ निकेतन, बाघखाला, भागीरथी धाम, जानकी झूला होते हुए पुनः गंगा रिजॉर्ट तक निर्धारित किया गया था। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वहीद अहमद, राजपूत, अजय चौहान, दीपक रावत, सर्वजीत सिंह, शहजाद, मेहरवान रांगड़, अर्जुन, अमित पंवार, हेमंत, मनीष, देबू रावत, सुनील भारद्वाज सहित निगम एवं खेल विभाग के अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं एमडी प्रतीक जैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी दौड़ में शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि मैराथन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से योग, स्वास्थ्य और शांति का संदेश प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाया गया।
