तपोवन के स्वामी समर्पण आश्रम में उमड़े देश-विदेश के श्रद्धालु

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/तपोवन: अंतरराष्ट्रीय योग नगरी ऋषिकेश में इन दिनों आध्यात्मिक और योग साधना का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। तपोवन स्थित स्वामी समर्पण आश्रम में देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु और साधक पहुंच रहे हैं, जहां योग और साधना का अद्भुत संगम नजर आ रहा है।एक ओर गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसोर्ट में 18 से 22 मार्च 2026 तक उत्तराखंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसी अवधि में स्वामी समर्पण आश्रम में “समर्पण स्कूल ऑफ योगा एंड तंत्र” के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग एवं कुंडलिनी क्रिया योग महोत्सव का दिव्य आयोजन भी चल रहा है। दोनों आयोजनों के चलते ऋषिकेश में आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार महसूस किया जा रहा है।

नवरात्र के पावन अवसर पर आश्रम में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि देखी जा रही है। देश-विदेश से पहुंचे भक्त और साधक यहां न केवल योग और ध्यान की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कर रहे हैं, बल्कि हवन, पूजा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

आश्रम प्रशासन के अनुसार, यहां आने वाले हर साधक और श्रद्धालु के लिए अनुशासन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य है। सभी पूजा-अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न कराए जाते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन और आंतरिक शांति की अनुभूति होती है। आश्रम में आने वाले भक्तों का मानना है कि यहां प्राप्त आशीर्वाद और साधना का प्रभाव उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है और उन्हें एक सफल एवं संतुलित जीवन की दिशा प्रदान करता है। स्वामी समर्पण आश्रम इन दिनों आध्यात्मिक साधना और योग के केंद्र के रूप में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Ad