देहरादून में पहली ऑटोमेटेड बोतल क्रेशर मशीन शुरू
देहरादून: शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम की पहल एक बार फिर स्पष्ट रूप से दिखाई दी है। महापौर सौरभ थपलियाल ने आज नगर निगम परिसर के बाहर दून अस्पताल के पास शहर की पहली ऑटोमेटेड बोतल क्रेशर मशीन का उद्घाटन किया। यह मशीन प्लास्टिक और पीईटी बोतलों को रीसायकल करने की प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने के लिए स्थापित की गई है।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नगर निगम जल्द ही शहर के प्रमुख स्थानों पर इस तरह की कई ऑटोमेटेड बोतल क्रेशर मशीनें स्थापित करेगा, जिससे जनता आसानी से प्लास्टिक का रीसायक्लिंग कर सके और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दे सके।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस मशीन के माध्यम से उपयोग की गई बोतलों को आसानी से दबाया और छोटा किया जा सकेगा, जिससे उन्हें संग्रहित और रीसायकल करना अधिक सुविधा जनक होगा। मशीन के इस्तेमाल से न केवल कचरे में कमी आएगी, बल्कि प्लास्टिक के सुरक्षित निस्तारण और रीसायक्लिंग में भी तेजी आएगी।नगर निगम ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम में सहयोग दें। इसके साथ ही शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आगे भी विभिन्न पहल की योजना बनाई जा रही है।
नगर निगम ने बताया कि आने वाले हफ्तों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर और भी इस तरह की मशीनें स्थापित की जाएंगी, ताकि लोग आसानी से प्लास्टिक की बोतलों को रीसायकल कर सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की पहल से न केवल कचरे का प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि यह जनता में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
