हरिद्वार में मौनी अमावस्या पर आस्था का सैलाब, तड़के से ही गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

खबर शेयर करें -

हरिद्वार: मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। सुबह तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के कोने-कोने से आए भक्त हर की पैड़ी, प्रेम नगर घाट, सुभाष घाट और आसपास के प्रमुख स्नान घाटों पर पवित्र गंगा में डुबकी लगाते नजर आए।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मौनी अमावस्या के दिन मौन धारण कर गंगा स्नान, दान-पुण्य और जप-तप करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस दिन किए गए स्नान और दान से पितृ प्रसन्न होते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौन व्रत रखते हुए स्नान करते दिखाई दिए।

सुबह से ही गंगा घाटों पर “हर-हर गंगे” और “गंगा मैया की जय” के जयघोष गूंजते रहे। कई श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र और दक्षिणा का दान किया, वहीं कुछ लोगों ने जरूरतमंदों को भोजन और कंबल वितरित कर पुण्य अर्जित किया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस और प्रशासन की ओर से घाटों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, वहीं ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। नगर निगम और गंगा सभा की ओर से घाटों की साफ-सफाई और स्नान व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के प्रयास किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर मौजूद रही।

मौनी अमावस्या के इस पावन पर्व पर हरिद्वार एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपराओं के जीवंत स्वरूप के रूप में नजर आ रहा है, जहां गंगा स्नान के साथ श्रद्धालु आत्मिक शांति और पुण्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

Ad