खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : पवित्र बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व आयोजित होने वाली ऐतिहासिक एवं पारंपरिक तेल कलश (गाडू घड़ा) यात्रा आज ऋषिकेश पहुंची, जहां ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने यात्रा में सहभागिता कर श्रद्धा भाव से दर्शन किए।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से मुलाकात की तथा परमपूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इस पावन परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गाडू घड़ा यात्रा उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस परंपरा के अंतर्गत नरेंद्र नगर राजमहल (टिहरी) से टिहरी राजपरिवार की महारानी के मार्गदर्शन में सुहागिन महिलाएं तिलों का पवित्र तेल लेकर यात्रा प्रारंभ करती हैं। यह यात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए बद्रीनाथ धाम पहुंचती है। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तेल का संग्रहण और पूजा-अर्चना की जाती है।

उन्होंने कहा कि यह पवित्र तेल भगवान बद्री विशाल के अभिषेक के लिए उपयोग में लाया जाता है, जिससे आगामी छह माह तक नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होती है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गाडू घड़ा यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि समाज में एकता, श्रद्धा और संस्कृति के संरक्षण का भी संदेश देती है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर की शुभकामनाएं दीं।

Ad