हरिपुर कलां में जर्जर सड़कें और पेयजल संकट पर ग्राम प्रधान ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
ऋषिकेश : ऋषिकेश के विकास खंड डोईवाला अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिपुर कलां में लंबे समय से चली आ रही पेयजल और सड़कों की गंभीर समस्या को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। ग्राम प्रधान सविता शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्राम प्रधान सविता शर्मा और कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने बताया कि पेयजल निगम द्वारा सीवर पाइपलाइन बिछाने के दौरान गांव की मुख्य सड़कों को खोद दिया गया था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं किया गया, जिससे हालात बेहद खराब हो गए हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनसे आमजन, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। बरसात के दौरान यह समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। वहीं, गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। पुरानी सीवर लाइन पर क्षमता से अधिक दबाव होने के कारण वह ओवरफ्लो हो रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। यह गंदा पानी गंगा नदी तक पहुंचकर प्रदूषण फैलाने का कारण बन रहा है। ग्रामीणों को महीनों से गंदगी और बदहाल व्यवस्था के बीच जीवन यापन करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि पांच सूत्रीय मांगों पर यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इस संबंध में अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी ने आश्वासन दिया है कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवी प्रेमलाल शर्मा, विक्रांत भारद्वाज, दीपक थापा, आदित्य सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
