लालपानी बीट का कूड़ा निस्तारण केंद्र इस साल होगा पूरा
ऋषिकेश : लालपानी बीट में निर्माणाधीन एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का कार्य इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस केंद्र के शुरू होने के बाद ऋषिकेश शहर सहित आसपास के निकाय क्षेत्रों से निकलने वाला कूड़ा यहीं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही कचरा समस्या से निजात मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, लालपानी बीट में बनाया जा रहा यह आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल होगा। यहां कूड़े का पृथक्करण ,सूखा व गीला कचरा अलग करना, कंपोस्ट निर्माण, रीसाइक्लिंग और सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। इससे खुले में कूड़ा फेंकने और अस्थायी डंपिंग स्थलों की समस्या समाप्त हो सकेगी।इसी के साथ नगर निगम ने शहर के बीचो-बीच स्थित गोविंद नगर में वर्षों से जमा कूड़े के पहाड़ को हटाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने 7.19 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है। योजना के अनुसार, गोविंद नगर स्थित कूड़ा डंप को पूरी तरह से हटाकर वहां से कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य आगामी कुंभ मेले से पहले गोविंद नगर के कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह समाप्त करना है। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन नगरी ऋषिकेश की छवि भी और अधिक स्वच्छ व सुंदर बनेगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि गोविंद नगर में कूड़े के ढेर से लंबे समय से दुर्गंध, मच्छरों और बीमारियों का खतरा बना रहता है। यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती है, तो आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलते ही डीपीआर के अनुसार कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लालपानी बीट का कूड़ा निस्तारण केंद्र और गोविंद नगर से कूड़ा हटाने की योजना, दोनों ही परियोजनाएं ऋषिकेश को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहर बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होंगी।
