रायवाला में अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल पदयात्रा,
रायवाला: उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रायवाला में जनाक्रोश देखने को मिला। रायवाला व्यापार सभा, रायवाला ग्रामीण सभा एवं युवक मंगल दल प्रति नगर के संयुक्त तत्वावधान में शिव चौक से हनुमान चौक तक कैंडल पदयात्रा निकाली गई। हाथों में मोमबत्तियां लिए सैकड़ों लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से पदयात्रा कर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग बुलंद की।
पदयात्रा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में बेटियों के साथ दुष्कर्म और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लंबा समय बीत जाने के बावजूद अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल सका है, जिससे आम जनता में आक्रोश है।वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक जनता चुप नहीं बैठेगी और आंदोलन जारी रहेगा।

पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “अंकिता को न्याय दो”, “बेटियों की सुरक्षा करो”, “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है और इसमें हर नागरिक को आवाज उठानी होगी।
इस कैंडल पदयात्रा में जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, विवेक रावत, मोहन कंडवाल, रविंद्र कुकरेती, दीपा चमोली, मुकेश भट्ट, अंकित खाकरियाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, व्यापारी, युवा और महिलाएं शामिल रहीं। सभी ने एक स्वर में अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
