राज्यपाल ने वसंतोत्सव 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मंगलवार को लोक भवन में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने आगामी 27 फरवरी से 01 मार्च तक लोक भवन में आयोजित होने वाले वसंतोत्सव-2026 के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

राज्यपाल ने निर्देशित किया कि वसंतोत्सव-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार दून विश्वविद्यालय के मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन विभाग के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय प्रचार और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक संचार माध्यमों का उपयोग कर इस आयोजन को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई जा सकती है।

उन्होंने उल्लेख किया कि गत वर्ष भी दून विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग द्वारा वसंतोत्सव का सफल लाइव प्रसारण और संपूर्ण कवरेज किया गया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी। इस वर्ष भी उसी उत्साह और पेशेवर दक्षता के साथ आयोजन का प्रचार-प्रसार किया जाए।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विविध पुष्प संपदा के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के फूल न केवल सौंदर्य का प्रतीक हैं, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि फूलों के माध्यम से स्वरोजगार, उद्यमिता और निर्यात की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। वसंतोत्सव जैसे आयोजन इन संभावनाओं को मंच प्रदान करते हैं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देते हैं। उन्होंने दून विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग को निर्देश दिए कि वह इस आयोजन को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शोध कार्य करे और ठोस सुझाव प्रस्तुत करे। राज्यपाल ने कहा कि पुष्प उत्पादन, विपणन, ब्रांडिंग और पर्यटन से जुड़े आयामों पर अध्ययन कर राज्य के समग्र आर्थिक विकास में योगदान दिया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त, राज्यपाल ने पूरे आयोजन का विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इसे एक संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जा सके और आयोजन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।

इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र प्रसाद ममगाईं तथा मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रचार रणनीति और शैक्षणिक सहभागिता को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

Ad