जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से 5,507 नागरिक लाभान्वित

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान राज्य में जनसेवा, सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस अभिनव पहल के माध्यम से शासन-प्रशासन को सीधे आम जनता से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 7 शिविरों (कैंपों) का आयोजन किया गया, जिनमें 5,507 नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविरों में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि राज्य सरकार की पहल पर आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 604 शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों में 4,74,285 से अधिक नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया है। शिविरों के माध्यम से राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, पेंशन, प्रमाण-पत्र निर्गमन, शिकायत निवारण सहित अनेक विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है और समय व संसाधनों की बचत हो रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि शासन केवल सचिवालयों और कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि जनता के द्वार तक पहुंचे। इसी सोच को साकार करते हुए यह अभियान राज्य में लोक-हितैषी शासन, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बनकर उभर रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान इस संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में भी शिविरों को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और जनकेंद्रित बनाया जाए।

प्रदेश सरकार सेवा, समाधान और संतोष के सिद्धांत पर कार्य करते हुए इस अभियान के माध्यम से राज्य को विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान के सफल संचालन से न केवल आमजन को राहत मिल रही है, बल्कि शासन-प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद भी मजबूत हो रहा है।

Ad