हरेला पर हरियाली का महाअभियान, देहरादून में लगेंगे 15.50 लाख पौधे

खबर शेयर करें -

देहरादून, 30 जून। उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इस बार हरेला पर्व को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। 16 जुलाई से शुरू होकर एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत देहरादून जनपद में 15.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। थीमैटिक पौधरोपण के माध्यम से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ “क्वालिटी फॉरेस्ट” विकसित करने की भी योजना बनाई गई है।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिक पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे धरती को हरा-भरा बनाने वाले जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में सभी विभागों को तत्काल पौधरोपण स्थलों का चयन करने और प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिला समूहों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आईएमए, सर्वे ऑफ इंडिया, ओएनजीसी और आईटीबीपी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले वन विकसित किए जा सकें।अभियान की निगरानी के लिए विशेष ‘हरित कंट्रोल रूम’ स्थापित किया जाएगा, जो पूरे एक माह तक पौधरोपण और उसकी प्रगति पर लगातार नजर रखेगा।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिले में 15.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें 50 प्रतिशत पौधे फलदार और चारा प्रजाति के होंगे। इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल अगले पांच वर्षों तक सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पौधरोपण के बेहतर परिणाम मिल सकें।

सभी संबंधित विभागों को 10 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, जैविक खाद, ट्री-गार्ड और पौधों के परिवहन सहित सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के मसूरी, कालसी, चकराता और देहरादून प्रभागों के माध्यम से विभिन्न विभागों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार शर्मा, वैभव सिंह, मयंक कुमार, एसडीओ अभिषेक मैठाणी सहित कृषि, उद्यान, उद्योग, शिक्षा, खेल, पेयजल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad