ऋषिकेश में मुख्यमंत्री लगाएंगे जनकल्याणकारी शिविर, तैयारियों में जुटा प्रशासन
देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में सात दिवसीय ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 4 जुलाई को ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में आयोजित होने वाले वृहद बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर से होगी, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए देहरादून के साथ-साथ हरिद्वार और टिहरी जनपद से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में तीनों जिलों के विभागीय अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ और समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना होना चाहिए। शिविर में स्वास्थ्य जांच, पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड बनाने सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों की स्टॉल भी लगाई जाएंगी, जहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिलेगा।
बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ के समन्वय की जिम्मेदारी उत्तराखंड सूचना विभाग को सौंपी गई है। सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण कर मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
