हल्द्वानी बैडमिंटन चैम्पियनशिप में देहरादून पुलिस के महेश काण्डपाल का शानदार प्रदर्शन
देहरादून : जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक आयोजित 24वें योनिक्स सनराइज उत्तराखण्ड स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2025-26 में देहरादून पुलिस के उ0नि0 (पुलिस दूरसंचार) महेश काण्डपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया।प्रतियोगिता में महेश काण्डपाल ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 35 प्लस आयु वर्ग की डबल्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 50 प्लस आयु वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से पुलिस विभाग और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद 05 मार्च 2026 को पदक विजेता महेश काण्डपाल ने पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर एसएसपी देहरादून ने महेश काण्डपाल के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बताया गया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ी अब गोवा में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जहां वे उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे। महेश काण्डपाल की इस उपलब्धि से देहरादून पुलिस के साथ-साथ पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
