खबर शेयर करें -

देहरादून : दून पुलिस एक बार फिर अपने मानवीय कर्तव्यों के निर्वहन में अग्रणी नजर आई। पुलिस विभाग के एक जवान ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए संकट में फंसे व्यक्ति की मदद के लिए रोज़ा तोड़कर रक्तदान किया, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मार्च 2026 को एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि दून अस्पताल में भर्ती एक मरीज को ऑपरेशन के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता है। यह सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून कार्यालय में नियुक्त आरक्षी शाहनवाज अहमद बिना देर किए दून अस्पताल पहुंचे और मरीज की जान बचाने के लिए अपना रोज़ा तोड़कर रक्तदान किया।

बताया जा रहा है कि आरक्षी शाहनवाज अहमद इससे पहले भी कई बार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। वह पहले भी दो बार अपना रोज़ा तोड़कर रक्तदान कर चुके हैं, जिससे उनकी सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण का परिचय मिलता है।

विशेष बात यह है कि आरक्षी शाहनवाज अहमद अब तक कुल 83 बार रक्तदान कर चुके हैं और लगातार जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उनके इस सराहनीय कदम से न केवल मरीज को समय पर रक्त मिल सका, बल्कि उसके परिजनों को भी बड़ी राहत मिली। मरीज के परिजनों ने समय पर मदद के लिए उत्तराखंड पुलिस और विशेष रूप से आरक्षी शाहनवाज अहमद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दून पुलिस हमेशा जनता की सहायता के लिए तत्पर रहती है और इस घटना ने पुलिस की संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली को एक बार फिर साबित किया है।आरक्षी शाहनवाज अहमद के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है और लोग उन्हें मानवता की मिसाल बता रहे हैं।

Ad