खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : एम्स ऋषिकेश के कैंसर चिकित्सा एवं रुधिर विज्ञान विभाग में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कार्मिकों को विशेष सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर विभाग के कैंसर रोग विशेषज्ञ एवं सह आचार्य डॉ. अमित सहरावत ने कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की।समारोह के दौरान डॉ. सहरावत ने विभाग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अरविंद घिल्डियाल, शालिनी रावत, सुभाष चंद्र, राजेश नेगी और लक्ष्मण धाकड़ को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्मिक अपनी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अपने संबोधन में डॉ. अमित सहरावत ने कहा कि सम्मान परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल होता है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को सम्मान मिलता है तो उसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं, क्योंकि समाज और परिवार की अपेक्षाएं उससे और अधिक हो जाती हैं।उन्होंने आगे कहा कि अनुशासन और मर्यादा जीवन में सफलता की कुंजी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती और निरंतर सीखना, स्वयं का मूल्यांकन करना तथा समाज के हित में अपने ज्ञान और अनुभव का उपयोग करना ही प्रगति का सही मार्ग है।

डॉ. सहरावत ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को एक अच्छे कर्मचारी और जिम्मेदार नागरिक की पहचान बताते हुए सभी कर्मचारियों को आगे भी इसी तरह समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय कार्मिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मक पहल करने और नकारात्मक विचारों को त्यागने की प्रेरणा देता है। समारोह में डॉ. साईं, डॉ. हर्षा, डॉ. देविका सहित विभाग के अन्य चिकित्सक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Ad