देहरादून में बन रहा शहर का पहला आधुनिक फूड कोर्ट, जल्द होगा शुरू

खबर शेयर करें -

देहरादून : राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा विकसित किया जा रहा शहर का पहला आधुनिक फूड कोर्ट डेस्टिनेशन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यह फूड कोर्ट शहरवासियों के साथ-साथ देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक नया आकर्षण बनने जा रहा है।

नगर निगम देहरादून की यह महत्वाकांक्षी परियोजना महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के निकट रायपुर-थानों रोड पर विकसित की जा रही है। इस फूड कोर्ट का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद लेने की सुविधा उपलब्ध कराना है। यहां देश-विदेश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद एक ही स्थान पर लिया जा सकेगा, जिससे यह जगह फूड लवर्स के लिए खास आकर्षण बनेगी।फूड कोर्ट परिसर में कुल 31 संगठित दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जिनका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यहां आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता, शौचालय, ओपन डाइनिंग एरिया, आकर्षक लाइट शो, बैठने की व्यवस्थित व्यवस्था और पर्यटकों के लिए वॉकिंग गैलरी/पाथवे जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा थानो-एयरपोर्ट मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए नगर निगम द्वारा पर्याप्त पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

देहरादून नगर आयुक्त नमामि बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून को देश के उन प्रमुख शहरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, जहां इंदौर मॉडल के अनुसार आधुनिक फूड कोर्ट और फूड पार्क स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में फूड कोर्ट परिसर में सौंदर्यीकरण, ब्यूटीफिकेशन और साइनबोर्ड लगाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।

नगर आयुक्त के अनुसार यह फूड कोर्ट शहर की भीड़-भाड़ और ट्रैफिक से दूर एक शांत और आकर्षक स्थान पर बनाया गया है, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ आरामदायक माहौल में उत्तराखंड के पारंपरिक और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड का आनंद ले सकेंगे। इस परियोजना से जहां शहर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं और व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के तहत तैयार हो रहा यह फूड कोर्ट देहरादून को जल्द ही एक नया, आधुनिक और आकर्षक फूड डेस्टिनेशन प्रदान करेगा।

Ad