खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 69वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चयनित हुए जनपद चंपावत के बाराकोट विकासखंड के झूलापे गांव निवासी अनुज पंत से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अनुज पंत का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल चंपावत जनपद बल्कि पूरे उत्तराखण्ड का मान बढ़ा है।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अनुज पंत अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का परचम लहरा सकें।

इस अवसर पर अनुज पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से उन्हें आगे भी देश सेवा के लिए और अधिक प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का प्रयास करेंगे।

Ad