रायवाला के संजीवनी अस्पताल में जन्मोत्सव, माताओं को किया सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, रायवाला में नवजात शिशुओं का जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में जन्मे नवजात शिशुओं की माताओं को अस्पताल की ओर से “जन्मोत्सव प्रमाण पत्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास और डॉ. रजनी सिंह ने माताओं को प्रसव के बाद अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मां और शिशु दोनों का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए प्रसव के बाद भी स्वास्थ्य की देखभाल को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. दास और डॉ. रजनी ने अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को सेवा भावना के साथ कार्य करने और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास ने अस्पताल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 नवंबर 2022 से फरवरी 2026 तक अस्पताल में 34,377 से अधिक ओपीडी परामर्श दिए जा चुके हैं तथा 2,391 स्वस्थ शिशुओं का सुरक्षित जन्म कराया गया है। इसके अलावा नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में 654 नवजात शिशुओं का सफल उपचार कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल आपातकालीन परिस्थितियों में भी उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

इस अवसर पर डॉ. सुरभि, डॉ. रितु, डॉ. अलका, नीलम, पूनम्मा, किन्ती, पूजा, विनय भट्ट, उषा रतूड़ी, ऋतु थपलियाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
