हरिद्वार में नव नियुक्त आरक्षियों को मिले नियुक्ति पत्र
हरिद्वार : हरिद्वार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री की उपस्थिति में उत्तराखंड पुलिस के नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस तंत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की घोषणा भी की गई।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस में नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मंच से जिन आरक्षियों को नियुक्ति पत्र दिए गए उनमें अमन सिंह, आकाश, अभय चौहान, अर्जुन नाथ गोस्वामी और योगेश नाथ शामिल रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद सभी आरक्षियों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इनमें पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित सिद्धपीठ हिंगलाज माता मंदिर के पुजारी परिवार से जुड़े शैलेश, पाकिस्तान के भट्टाग्राम से आए जसपाल कुमार, कराची में महिलाओं के उत्पीड़न से परेशान होकर भारत आए दुर्गानाथ टी. राजपूत तथा अफगानिस्तान से आई हंसेरी बाई को मंच पर नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में गृहमंत्री ने उत्तराखंड में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के अंतर्गत शुरू की गई यह प्रणाली विशेष रूप से एक लाख रुपये से अधिक की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को त्वरित सहायता देने के उद्देश्य से विकसित की गई है।नई व्यवस्था के तहत 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को देहरादून स्थित राज्य साइबर पुलिस स्टेशन में ई-जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद सीसीटीएनएस प्रणाली के माध्यम से संबंधित थाने को तुरंत भेजा जाएगा, जिससे पुलिस गोल्डन ऑवर में कार्रवाई कर सकेगी, साक्ष्य एकत्र कर सकेगी और संदिग्ध लेन-देन को फ्रीज़ कर सकेगी। इससे ठगी गई धनराशि की अधिकतम रिकवरी की संभावना बढ़ेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों के संकलन पर आधारित लेखक गिरजा शंकर जोशी की पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
