अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग में ऋषिकेश की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
ऋषिकेश : चेन्नई में 25 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की चार दिवसीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग’ में तीर्थनगरी ऋषिकेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। रेनबुकई कराटे एकेडमी, गीता नगर एवं रायवाला की छात्राओं दीया बिष्ठ, काजल चौधरी और सलोनी ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि आरोही ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सराहनीय प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर इन होनहार खिलाड़ियों और उनके कोच कमल सिंह बिष्ठ का देहरादून रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी और उपाध्यक्ष वीरेंद्र नोटियाल ने खिलाड़ियों को माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर रेनबुकई एकेडमी के संस्थापक, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच कमल सिंह बिष्ठ ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस अत्यंत आवश्यक है। किकबॉक्सिंग न केवल शारीरिक दक्षता बढ़ाती है, बल्कि आत्मविश्वास विकसित कर आत्मरक्षा की क्षमता भी प्रदान करती है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि ऋषिकेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही समय पर उचित मंच और पहचान देने की है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिभागी खिलाड़ियों दीया, काजल, सलोनी और आरोही ने बताया कि ‘अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग’ का आयोजन देश के 150 जिलों में किया गया था। इसके बाद प्रतियोगिता को चार जोन में विभाजित कर अंततः राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से लगभग 500 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खेल और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर सुधीर चौधरी, अभिषेक गुप्ता, करण कुमार, मनोज नेगी, अलका बिष्ठ और दीपा गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
