इटानगर में मोपिन फेस्टिवल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए गणेश जोशी

खबर शेयर करें -

अरुणाचल प्रदेश/ इटानगर : उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश जोशी इन दिनों पूर्वोत्तर भारत के दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने पहले असम में चुनाव प्रचार में भाग लिया और इसके बाद अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर पहुंचे, जहां उन्होंने एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन में शिरकत की।

इटानगर में आयोजित ‘मोपिन फेस्टिवल’ के स्वर्ण जयंती समारोह में गणेश जोशी केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि मोपिन फेस्टिवल गालो जनजाति का एक प्रमुख पारंपरिक पर्व है, जो प्रकृति, कृषि और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के दौरान प्रस्तुत किया जाने वाला ‘पोपिर’ नृत्य और चावल के पेस्ट को एक-दूसरे को लगाकर शुभकामनाएं देने की परंपरा भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्धि को दर्शाती है।

उन्होंने आगे कहा कि मोपिन केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह सामूहिक एकता, खुशहाली और पारंपरिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

Ad