खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड के खनन विभाग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व संग्रह के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग ने इस अवधि में कुल 1217 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो निर्धारित लक्ष्य 950 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।

खनन विभाग की इस उपलब्धि को राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों, पारदर्शिता और सख्त निगरानी का परिणाम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सफलता पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सरकार द्वारा अवैध खनन पर सख्ती, ई-निगरानी प्रणाली का उपयोग और राजस्व संग्रह की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। इसके अलावा खनन पट्टों के आवंटन और संचालन में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया, जिससे राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में भी इसी प्रकार की रणनीतियों के जरिए राजस्व बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास जारी रहेंगे। यह उपलब्धि न केवल विभाग की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि राज्य के विकास कार्यों को गति देने में भी सहायक सिद्ध होगी।

Ad