बहादराबाद में गुलदार का खौफ, दुकानदार पर हमला
हरिद्वार : बहादराबाद क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला रोहालकी गांव का है, जहां देर रात एक दुकानदार पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार रोहालकी गांव निवासी ललित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में ललित बुरी तरह घायल हो गए और उनके शरीर पर गहरे जख्म आए। ललित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
घायल ललित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की गतिविधियां देखी जा चुकी हैं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
