हरिद्वार: एबीवीपी ने उठाए पीएचडी प्रवेश और छात्र सुविधाओं के मुद्दे

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में पिछले तीन वर्षों से पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं होने समेत छात्र सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेता प्रशांत गैरोला के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

परिषद ने कहा कि लंबे समय से पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से शोधार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एबीवीपी ने तत्काल पीएचडी प्रवेश शुरू कराने के साथ ही बीएड विद्यार्थियों की फीस कम करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में विश्वविद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने, बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर उपलब्ध कराने तथा छात्र-छात्राओं के लिए सामान्य कक्ष और छात्राओं के लिए अलग सामान्य कक्ष की व्यवस्था करने की मांग की गई।

इसके अलावा छात्राओं की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने, जैवमितीय उपस्थिति को पाठ्यक्रम के अनुसार समय से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराने और छात्रावास से जुड़े शुल्क संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी गई।

छात्र नेता प्रशांत गैरोला ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने पीएचडी प्रवेश सहित सभी मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

वहीं, कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की गंभीरता से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संगठन मंत्री अमन तोमर, जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा, अभिषेक ममगाईं समेत एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ad