दिव्यांगजनों को योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध व सुगम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें: सचिव समाज कल्याण

खबर शेयर करें -

देहरादून, 20 अगस्त 2026। सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी), गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय, देहरादून का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने दिव्यांगजनों के पंजीकरण, मूल्यांकन, परामर्श, पुनर्वास सेवाओं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में रखे अभिलेखों एवं विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र में आने वाले दिव्यांगजनों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुगम लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सेवाओं और सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई जाए।

सचिव ने केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक दिव्यांगजन हितैषी एवं सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए दिव्यांगजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, एसीएमओ डॉ. चौहान, जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के कार्मिक तथा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad