उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी भूस्खलन, यातायात प्रभावित, संचार सेवाएं भी ठप
उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर खट्टूखाल के समीप अचानक हुए भारी भूस्खलन से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग खोलने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब साढ़े तीन घंटे बाद छोटे वाहनों के लिए एकतरफा यातायात बहाल कर दिया गया। हालांकि, सड़क पर गिरे भारी बोल्डरों के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही अभी भी पूरी तरह से बाधित बनी हुई है। बीआरओ द्वारा जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से बोल्डरों को हटाने का कार्य लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बीते कुछ समय से हो रही हल्की बारिश और पहाड़ों की कमजोर चट्टानों के कारण यह भूस्खलन हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय कोई वाहन सीधे मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। भूस्खलन का असर सिर्फ यातायात तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र की संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। खट्टूखाल और आसपास के इलाकों में एयरटेल की दूरसंचार सेवा करीब साढ़े पांच घंटे तक पूरी तरह ठप रही। नेटवर्क न होने के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को अपनों से संपर्क करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य के बाद सेवा बहाल की जा सकी।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि गंगोत्री धाम की ओर यात्रा करने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं, बीआरओ अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं और बड़े वाहनों के लिए भी रास्ता खोलने का कार्य प्राथमिकता पर है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन भविष्य में भी चुनौती बने रह सकते
