खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : तीर्थनगरी ऋषिकेश में रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर गंगानगर क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय पार्षद संध्या बिष्ट गोयल एवं सामाजिक कार्यकर्ता एकांत गोयल द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम में नाट्य संस्था द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण आध्यात्मिक आनंद से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम, सद्भाव और एकता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं। वहीं क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली पहचान और शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से परिचित कराते हैं।

नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने भी सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें इसे प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण के स्वरूपों की आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। फूलों की होली ने आयोजन को विशेष रंग प्रदान किया। भगवान कृष्ण के स्वरूप के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और मेयर शंभू पासवान सहित अन्य अतिथियों ने जमकर फूलों की होली खेली। गंगानगर की पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का चंदन का टीका लगाकर स्वागत किया।

आयोजक संध्या बिष्ट गोयल और एकांत गोयल ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन एकांत गोयल ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी एकांत गोयल, हनुमंत पुरम के अध्यक्ष के.के. सचदेवा, महामंत्री अतुल गुप्ता, विशाल कक्कड़, अतुल पुंज, योगेश ब्रेजा, प्रवीण रावत, अजय ब्रेजा, राजेश त्यागी, विवेक भल्ला, नीरज अग्रवाल, राजेश राजभर, अनिल कुमार, पंकज शर्मा सहित सैकड़ों महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्वादिष्ट व्यंजनों और प्रसाद का भी लोगों ने भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा का अद्भुत समावेश देखने को मिला, जिसने गंगानगर की होली को यादगार बना दिया।

Ad