खबर शेयर करें -

देहरादून: हिमाचल प्रदेश के चौपाल–नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस के चकराता तहसील अंतर्गत क्वानू गांव के पास गहरी खाई में गिरने से हुए भीषण हादसे में एक और मौत हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक दिनेश कुमार शर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पांवटा साहिब के नायब तहसीलदार ने चालक की मौत की पुष्टि की है। इसके साथ ही इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद बस चालक दिनेश कुमार शर्मा को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब एचआरटीसी की बस पहाड़ी और संकरे मार्ग से गुजर रही थी। क्वानू गांव के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में गिरी बस से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सड़क की हालत, तीखे मोड़ और संभावित तकनीकी खामी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग पहाड़ी सड़कों पर चलने वाली बसों की सुरक्षा व्यवस्था, सड़क सुधार और नियमित तकनीकी जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Ad