अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा
हरिद्वार : हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में खानपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शमशेर को दबोचते हुए उसके कब्जे से चार अवैध तमंचे और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, शमशेर लंबे समय से क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को हथियार उपलब्ध कराता था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से मिले हथियारों और कारतूसों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। इसके साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
