खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ जनपद के कुजगाड़ गांव में सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नौ वर्षीय बालिका पर गुलदार ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, बालिका संगीता सुबह अपने घर के आंगन में बाथरूम जाने के लिए निकली थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। हमले के दौरान संगीता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों की आवाज और हलचल से घबराकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इस हमले में बालिका के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, बालिका की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या को उजागर कर दिया है।

Ad