खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : भरत मिलाप आश्रम, मायाकुंड में महंताई अभिषेक समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश से सैकड़ों संत-महात्माओं ने भाग लिया। इस अवसर पर आश्रम के वरिष्ठ संतों और अखाड़ों की सर्वसम्मति से नारायण दास महाराज को आश्रम का नया महंत घोषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगद्गुरु दयाराम देवाचार्य महाराज ने की। आश्रम के 88 वर्षीय वरिष्ठ महंत श्याम चरण दास महाराज ने अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए मंडल के समक्ष अनुरोध रखा कि आश्रम की जिम्मेदारी अब किसी योग्य संत को सौंपी जाए। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश मंडल तथा विरक्त वैष्णव मंडल ने सामूहिक सहमति से नारायण दास महाराज को महंत पद पर आसीन करने का निर्णय लिया।

नारायण दास महाराज पिछले चार वर्षों से आश्रम में सेवा दे रहे हैं और अपनी निष्ठा व समर्पण के कारण संत समाज में विशेष स्थान रखते हैं। समारोह के दौरान महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने उपस्थित संतों का परिचय कराया, जबकि कृष्ण कुंज से गोपालाचार्य महाराज ने महंताई से संबंधित इकरारनामा पढ़कर सुनाया। गोपालाचार्य महाराज इस प्रक्रिया में कानूनी सलाहकार की भूमिका में भी रहे।

इस अवसर पर श्री दिगंबर अखाड़ा और निर्मोही अखाड़ा के प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अभिषेक की परंपरा के तहत सबसे पहले महंत श्याम चरण दास महाराज ने चादर चढ़ाई, इसके बाद ऋषिकेश मंडल और फिर हरिद्वार मंडल के संत-महंतों ने चादर अर्पित कर नव नियुक्त महंत का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों संतों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

Ad