देहरादून जू में ‘हिमालयन काला भालू’ के नए बाड़े का उद्घाटन, वन्यजीव संरक्षण को मिलेगी नई दिशा

खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड सरकार वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा में लगातार सक्रिय कदम उठा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून जू स्थित मालसी परिसर में ‘हिमालयन काला भालू’ (रीख) के नवीन बाड़े का विधिवत उद्घाटन कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया।

इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रकृति और मानवता के बीच संतुलित समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैव-विविधता और वन्यजीव संपदा के दृष्टिकोण से देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल है, इसलिए वन्यजीव संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

उनियाल ने कहा कि ‘फॉरेस्ट कंजर्वेशन’ के तहत वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम को भविष्य में और अधिक गति दी जाएगी। इससे वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी तथा विभिन्न प्रजातियों के सुरक्षित संरक्षण में सहायता प्राप्त होगी।उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार से परिवहन संबंधी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त होने के बाद राज्य में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध वन्यजीवों को अन्य राज्यों की मांग एवं वहां की पारिस्थितिक आवश्यकताओं के अनुरूप संबंधित नेशनल पार्कों और चिड़ियाघरों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस पहल से न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में जैव-विविधता का संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

वन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके सुरक्षित आवास सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने देहरादून जू प्रशासन एवं वन विभाग की टीम को नवीन बाड़े के निर्माण एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि इससे पर्यटकों, शोधार्थियों और वन्यजीव प्रेमियों को हिमालयी वन्यजीवों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारी, जू प्रशासन के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वन्यजीव प्रेमी उपस्थित रहे। नवीन बाड़े के उद्घाटन के बाद पर्यटकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

Ad