टिहरी में एडीएम ने किया क्रॉप कटिंग निरीक्षण, अधिकारियों को दिए पारदर्शिता के निर्देश
जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड चम्बा अंतर्गत ग्राम पंचायत भण्डार गांव में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग) कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह निरीक्षण हेवल नदी किनारे मण्डाई नाम तोक में लक्ष्मी देवी के खेत में किया गया।निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार फसल कटाई प्रयोग संपादित किया गया। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कृषि उत्पादन आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोग कृषि उत्पादन के वास्तविक आंकलन का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे किसानों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं बीमा दावों के निर्धारण में सहायता मिलती है। साथ ही सभी फसल कटाई प्रयोग समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने तथा आंकड़ों का सही संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।एडीएम ने किसानों से भी इस प्रक्रिया में सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर कानूनगो महिपाल सिंह पुंडीर, राजस्व उप निरीक्षक दिनेश बहुगुणा, धनपाल सिंह, कुसुम रावत सहित विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
