खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए हवाई संपर्क बढ़ाने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु से इन महत्वपूर्ण धार्मिक शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था।

इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि वर्तमान में देहरादून एयरपोर्ट से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बैंगलौर, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद (शमशाबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू—के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुल 254 साप्ताहिक उड़ानें संचालित हो रही हैं।केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त (डीरिगुलेटेड) किया जा चुका है। इसके तहत एयरलाइंस कंपनियां अपने व्यावसायिक हितों और परिचालन जरूरतों के आधार पर स्वयं तय करती हैं कि वे किन मार्गों पर उड़ानें संचालित करेंगी। सरकार मार्गों के चयन में सीधे हस्तक्षेप नहीं करती।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव को सभी अनुसूचित घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है। अब इन मार्गों पर उड़ान शुरू करने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस कंपनियों द्वारा ही लिया जाएगा।

गौरतलब है कि चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन को देखते हुए इन शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Ad